अब पहले व तीसरे बुधवार को ब्लॉक दिवस,शासन से निर्देश जारी

लखनऊ। गांव की समस्याओं व ग्रामीणों की शिकायतों को अब आसानी से निस्तारण हो सकेगा। महीने के हर पहले व तीसरे बुधवार को ब्लॉक दिवस का आयोजन किया जाएगा। जहां विकास खंड स्तर के अधिकारी बैठकर आम लोगों से संवाद करेंगे। खंड विकास अधिकारी इसके नोडल अधिकारी होंगे। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने आयुक्त ग्राम विकास को निर्देश पत्र भेजकर निदेशित किया है कि जन सामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रदेश के हर विकासखंड मुख्यालय पर माह के पहले व तीसरे बुधवार को ब्लॉक दिवस का सुबह 10 से अपराह्न 2 बजे तक आयोजन किया जाएगा। इसमें विकास खंड में कार्यरत सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी खंड विकास अधिकारी, संयुक्त खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी आदि प्रतिभाग करेंगे।बीडीओ इस ब्लॉक दिवस के प्रभारी होंगे। आदेश में उल्लेख है कि माह में 2 दिन निर्धारित दिवस पर अधिकारियों की सुनवाई करने से लोगों की समस्याओं में कमी आएगी।