नेता के बेटे की शादी में नॉनवेज खाने से आधा गांव फूड पॉइजनिंग की चपेट में

गुजरात में महेसाणा जिले के सवाला गांव में 1200 से ज्यादा लोग फूड प्वॉजनिंग के शिकार हो गए। इन सभी लोगों ने शुक्रवार रात को गांव में कांग्रेसी नेता वजीर खान के बेटे शाहरूख की शादी में नॉनवेज खाया था। खाना खाने के कुछ समय बाद ही लोगों को उल्टी-दस्त होने लगी और देखते ही देखते अस्पतालों में लाइन लग गई।

 

मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला देर रात से ही शुरू हो गया था। पास के विसनगर और महेसाणा जिले के सरकारी अस्पताल फुल हो जाने के बाद अन्य लोगों को ऊंझा, खेरालू, वडनगर और गांधीनगर के सिविल अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तड़के सुबह स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने गांधीनगर में सिविल अस्पताल का दौरा किया। इसके साथ ही अन्य जगहों के अधिकारियों और सिविल अस्पतालों के डॉक्टरों से बात की।

 

पूरे गांव को किया गया था आमंत्रित

शुक्रवार रात को वजीर खान के बेटे शाहरुख की शादी के अवसर पर पूरे गांव को भोज के लिए आमंत्रित किया गया था। खाने में वेज और नॉनवेज की भी अलग-अलग व्यवस्था थी। फूड पॉइजनिंग के शिकार वही 1225 लोग हुए हैं, जिन्होंने नॉनेवेज खाया था। बता दें सवाला गांव की पूरी आबादी ही तीन हजार के करीब है।

 

महेसाणा के जिला कलेक्टर उदित अग्रवाल ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में कुल 1225 मरीज पंजीकृत हुए थे। इलाज के लिए देर रात को ही अन्य अस्पतालों के डॉक्टर स्टाफ का इंतजाम कर लिया गया था। इलाज में सुधार होने पर करीब 75 फीसदी मरीजों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि कई मरीजों का अभी भी सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।