Panchayat Chunav: मेरठ में दिव्यांग प्रत्याशी को व्हीलचेयर से उतारा, वीडियो वायरल

मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक दुखद घटना देखने को मिली। जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन करने आए एक दिव्यांग प्रत्याशी की व्हीलचेयर को पुलिसकर्मियों ने कलेक्ट्रेट के गेट के बाहर ही रोक लिया। जिसके बाद आधा किलोमीटर तक घिसटते हुए नामांकन कक्ष में पहुंचे दिव्यांग प्रत्याशी ने घटना को लेकर रोष प्रकट किया।

दरअसल वार्ड पांच के नंगला हरेरु गांव में रहने वाले मोहम्मद अनस दिव्यांग हैं। अनस ने अपने क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र लिया था। बृहस्पतिवार को अनस कलेक्ट्रेट में नामांकन के लिए पहुंचे थे। मगर कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने अनस को व्हीलचेयर लेकर भीतर जाने की इजाजत नहीं दी। जिसके बाद दिव्यांग अनस कलेक्ट्रेट के गेट से लगभग आधा किलोमीटर भीतर नामांकन कक्ष तक घिसटते हुए पहुंचे। जहां उन्होंने अपने साथ हुई घटना को लेकर रोष प्रकट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी दिव्यांगों को तमाम तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी मुद्दे को लेकर वह चुनावी मैदान में कूदे हैं। उन्होंने दिव्यांगों की शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शुमार बताया।